यूट्यूबर पर हमले का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया
गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में रविवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी आरोपी जीशान की मौत हो गई। यह कार्रवाई एडीसीपी क्राइम के नेतृत्व में स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से की।जानकारी के अनुसार, पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि पीछा करने पर उनकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से जीशान घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।पुलिस के मुताबिक, जीशान हाल ही में एक यूट्यूबर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में वांछित था। 26 फरवरी 2026 को अली गार्डन स्थित एक कार्यालय में धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। उसके सिर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
घटनास्थल से एक विदेशी निर्मित पिस्टल, कई जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और हमले में इस्तेमाल किया गया धारदार औजार बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस आयुक्त के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। उसकी तलाश के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।बताया गया है कि मृतक अस्थायी रूप से खोड़ा इलाके में रह रहा था।
वहीं, हमले में घायल यूट्यूबर को पहले दिल्ली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, बाद में हालत गंभीर होने पर उन्हें दक्षिण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।इस मामले में पहले ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका था और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई थी। पुलिस का कहना है कि आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
15 total views

