LatestNational

मध्य प्रदेश में कर्मचारियों को राहत: महंगाई भत्ता 3% बढ़कर 58% हुआ


मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के 12 लाख से अधिक शासकीय कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होली के अवसर पर यह निर्णय साझा करते हुए बताया कि अब राज्य के कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा, जो केंद्र सरकार के बराबर होगा।

सरकार के अनुसार, बढ़ा हुआ डीए अप्रैल 2026 के वेतन (जो मई में देय होगा) से लागू होगा। जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक की बकाया राशि (एरियर) मई 2026 से शुरू होकर छह समान किस्तों में दी जाएगी।

इसके साथ ही राज्य के पेंशनरों को भी राहत दी गई है। जनवरी और फरवरी 2026 की पेंशन में 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के हित में लगातार फैसले ले रही है। दिन में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित कैबिनेट बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए और शाम को कर्मचारियों व पेंशनरों के हित में यह घोषणा की गई।

अब तक प्रदेश के कर्मचारियों को 55 प्रतिशत डीए मिल रहा था, जबकि केंद्र सरकार 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता दे रही थी। लंबे समय से कर्मचारी संगठनों की ओर से केंद्र के समान डीए देने की मांग की जा रही थी।

एक कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी ने बताया कि पिछले कई महीनों से इस मांग को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सरकार की ताजा घोषणा के बाद कर्मचारियों में संतोष और उत्साह का माहौल है।

 147 total views


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *