GeneralLatest

‘भविष्य बताने’ के नाम पर ठगी का आरोप: अशोक खरात केस में ED की एंट्री, जांच तेज


नासिक में खुद को भविष्य बताने वाला बताने वाले अशोक खरात का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। जो व्यक्ति लोगों को भविष्य बताने का दावा करता था, वही अब जांच एजेंसियों के घेरे में है और अपने हालात को लेकर निराश नजर आ रहा है। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर कहा कि उसे इस केस से बाहर निकलना मुश्किल लग रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, अशोक खरात के खिलाफ अब तक करीब 15 मामले दर्ज हो चुके हैं और पुलिस एक अन्य केस में भी उससे पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने धोखाधड़ी से जुड़े कुछ आरोपों को स्वीकार किया है। उस पर धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर लोगों को ठगने, महिलाओं के शोषण और पैसों के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।

मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अशोक खरात और उसकी पत्नी कल्पना खरात के तीन बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है। इन खातों में हुए लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।

जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपी खुद को अधिकारी बताकर लोगों को डराता था और ED व आयकर विभाग की कार्रवाई का भय दिखाकर उनसे पैसे वसूलता था। इस एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है।

नासिक के अलावा पुणे, मुंबई और अहिल्यानगर में मौजूद उसके बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच चल रही है, जहां करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन की पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, आगे चलकर उसकी संपत्तियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

ED ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत केस दर्ज कर लिया है और SIT की जांच जारी है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

 35 total views


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *