GeneralLatest

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत का अपडेट: LPG पोत ‘जग विक्रम’ सुरक्षित, सप्लाई सामान्य रखने की अपील


मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और हालात को शांत करने के प्रयासों के बीच भारत सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति को लेकर ताजा जानकारी साझा की है। इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान की मेजबानी में इस्लामाबाद में बातचीत जारी है, जिस पर वैश्विक नजर बनी हुई है।

भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 11 अप्रैल 2026 को बताया कि भारतीय ध्वज वाला LPG पोत ‘जग विक्रम’ सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर चुका है। इस जहाज में करीब 20,400 मीट्रिक टन LPG लदा हुआ है और इसमें 24 नाविक सवार हैं। उम्मीद है कि यह पोत 15 अप्रैल तक मुंबई पहुंच जाएगा।

मंत्रालय के अनुसार, देश में घरेलू एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। 10 अप्रैल को ही 51.5 लाख से अधिक गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। साथ ही, अब तक 26 हजार से ज्यादा PNG उपभोक्ता MYPNGD प्लेटफॉर्म के जरिए एलपीजी कनेक्शन छोड़ चुके हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने पिछले आठ दिनों में 5 किलोग्राम वाले सिलेंडरों को लेकर करीब 2,900 जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए हैं।

खाड़ी क्षेत्र में हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अब तक 2,000 से अधिक भारतीय नाविकों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है, जबकि पिछले 24 घंटों में 81 लोग भारत लौटे हैं। विदेशों में मौजूद भारतीय मिशन 24 घंटे हेल्पलाइन के जरिए सहायता प्रदान कर रहे हैं।

सरकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे घबराकर पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की अतिरिक्त खरीदारी न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा रखें। एलपीजी उपभोक्ताओं को डिजिटल माध्यम से बुकिंग करने की सलाह दी गई है ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर PNG, बिजली या इंडक्शन जैसे विकल्पों के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

 122 total views


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *