राजस्थान क्रिकेट में बड़ा बदलाव: जल्द होंगे RCA चुनाव, IPL की तर्ज पर शुरू होगी RPL
राजस्थान में क्रिकेट गतिविधियों को नई गति देने के लिए राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं। बैठक के बाद संकेत मिले हैं कि अगले तीन महीनों के भीतर RCA के चुनाव कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।
बैठक में एक और बड़ा निर्णय राजस्थान प्रीमियर लीग (RPL) को लेकर लिया गया। इस लीग को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर आयोजित करने की तैयारी है, जिसमें राज्य की विभिन्न टीमें हिस्सा लेंगी। इसका उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच देना और राज्य में क्रिकेट को और मजबूत करना है।
RCA के संयोजक डॉ. मोहित यादव ने बताया कि अब एसोसिएशन के सभी महत्वपूर्ण निर्णय तय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत लिए जाएंगे, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि RPL के आयोजन को लेकर राज्य सरकार और खेल परिषद को पत्र भेजे गए हैं, जिनमें सहयोग और जिम्मेदारियों को स्पष्ट किया गया है, ताकि बड़े स्तर के आयोजन में बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
बैठक में खिलाड़ियों के सम्मान को लेकर भी अहम फैसला लिया गया। मई के पहले सप्ताह में एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्य के उभरते और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा, जिला क्रिकेट संघों में चल रहे विवादों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का निर्णय लिया गया है। कमेटी ने भरोसा दिलाया है कि जिन जिलों में विवाद हैं, उन्हें जल्द खत्म कर क्रिकेट गतिविधियों को सामान्य किया जाएगा। साथ ही हर जिला संघ को हर महीने एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है, जिससे जमीनी स्तर पर खेल को बढ़ावा मिल सके।
एडहॉक कमेटी के सदस्य धनंजय सिंह खींवसर ने बताया कि अगले छह महीनों में RPL जैसे बड़े टूर्नामेंट के आयोजन की योजना है। इसके अलावा जयपुर में RCA के चौप स्टेडियम के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने की तैयारी है, और लक्ष्य है कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में ही इसका उद्घाटन किया जाए।
60 total views

