BusinessLatest

सरकारी कर्मचारियों की DA बढ़ने से सैलरी और एरियर में होगा इजाफा


केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए जल्द ही राहत भरी खबर आ सकती है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले एक-दो हफ्तों में सरकार महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू मानी जाएगी, ऐसे में कर्मचारियों को जनवरी से मार्च तक का बकाया (एरियर) भी मिलेगा। इससे इस महीने मिलने वाली सैलरी सामान्य से ज्यादा हो सकती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार DA में करीब 3 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल DA 58 प्रतिशत है, जो बढ़कर 61 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में DA को 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत किया गया था, जिसे 1 जुलाई 2025 से लागू किया गया था।

सैलरी पर कितना असर पड़ेगा?

महंगाई भत्ता कर्मचारी की बेसिक सैलरी के आधार पर तय होता है। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 56,100 रुपये है, तो 58 प्रतिशत DA पर उसे करीब 32,538 रुपये मिलते हैं। वहीं, 61 प्रतिशत होने पर यह बढ़कर लगभग 34,221 रुपये हो जाएगा।

इस तरह हर महीने करीब 1,683 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही, तीन महीनों का एरियर जोड़ने पर अप्रैल की सैलरी में करीब 6,700 रुपये तक अतिरिक्त राशि मिल सकती है। हालांकि, यह रकम हर कर्मचारी की बेसिक सैलरी के अनुसार अलग-अलग होगी।

DA बढ़ने का असर सिर्फ सैलरी तक सीमित नहीं रहता। इसके साथ ट्रांसपोर्ट अलाउंस (TA) में भी बढ़ोतरी होती है और रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली ग्रैच्युटी पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

किसे मिलेगा फायदा?

इस संभावित बढ़ोतरी से करीब 49 लाख केंद्र सरकार के कर्मचारी और लगभग 68 लाख पेंशनभोगी लाभान्वित हो सकते हैं। बढ़ती महंगाई के दौर में यह उनके लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।

दरअसल, महंगाई भत्ता सरकारी कर्मचारियों को इसलिए दिया जाता है ताकि बढ़ती कीमतों का असर उनकी आय पर कम पड़े और उनकी खरीदने की क्षमता बनी रहे।

8वें वेतन आयोग पर भी नजर

सरकार 8वें वेतन आयोग की दिशा में भी काम कर रही है। हालांकि, इसे 1 जनवरी 2026 से लागू करने की योजना थी, लेकिन अब इसके 2027 के मध्य तक लागू होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, कर्मचारियों की नजर DA बढ़ोतरी पर टिकी हुई है, जो उन्हें तुरंत राहत दे सकती है।

 73 total views


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *