बंगाल चुनाव से पहले रेलवे का बड़ा फैसला: मुंबई-हावड़ा के बीच दो स्पेशल ट्रेनें, प्रवासी वोटरों को राहत
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए रेलवे मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा के लिए मुंबई से हावड़ा (कोलकाता) के बीच दो विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। ये स्पेशल ट्रेनें सेंट्रल रेलवे के अंतर्गत आने वाले लोकमान्य तिलक टर्मिनस (कुर्ला, मुंबई) से चलाई जाएंगी।
रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों का मुख्य उद्देश्य उन प्रवासी लोगों को सुविधा देना है जो काम के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं और चुनाव के दौरान अपने गृह राज्य पश्चिम बंगाल जाकर मतदान करना चाहते हैं। साथ ही, गर्मियों की छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी यह कदम उठाया गया है।
ट्रेन संख्या 01145 स्पेशल, 14 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को रात 8:15 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होगी और 16 अप्रैल (गुरुवार) को सुबह 6:00 बजे हावड़ा जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 01146, 16 अप्रैल (गुरुवार) को दोपहर 2:45 बजे हावड़ा से चलेगी और 17 अप्रैल (शुक्रवार) को रात 11:45 बजे मुंबई पहुंचेगी।
इन स्पेशल ट्रेनों का ठहराव कुल 17 प्रमुख स्टेशनों पर रखा गया है, जिनमें ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, अकोला, बड़नेरा, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर, खड़गपुर और संतरागाछी शामिल हैं।
ट्रेन की संरचना में यात्रियों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न श्रेणियों की बोगियां शामिल की गई हैं। इसमें 2 एसी 2-टियर, 9 एसी 3-टियर, 3 स्लीपर क्लास, 4 जनरल सेकंड क्लास, एक सेकंड सीटिंग सह गार्ड ब्रेक वैन और एक जनरेटर कोच लगाया जाएगा।
ट्रेन संख्या 01145 के लिए टिकट बुकिंग 12 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। यात्री आरक्षण केंद्रों के साथ-साथ IRCTC Rail Connect और वेबसाइट [www.irctc.co.in](http://www.irctc.co.in) के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं। वहीं, जनरल कोच के लिए टिकट UTS प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध रहेंगे।
इसके अलावा, यात्री NTES ऐप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से ट्रेन की समय-सारणी और ठहराव की पूरी जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
27 total views

